MP पुलिस बैंड भर्ती में महिलाओं पर रोक: कांग्रेस नेता संगीता शर्मा ने सरकार को घेरा, सड़क से सदन तक आंदोलन की चेतावनी

मध्यप्रदेश में पुलिस बैंड भर्ती विज्ञापन में महिलाओं को आवेदन से बाहर रखने पर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस प्रवक्ता ने इसे लैंगिक भेदभाव बताते हुए सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने मांग की है कि विज्ञापन में संशोधन कर महिलाओं को भी अवसर दिया जाए..अन्यथा कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर हर स्तर पर विरोध करेगी।
Congress leader Sangeeta Sharma

Sangita Sharma

मध्यप्रदेश में पुलिस बैंड भर्ती को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस प्रवक्ता संगीता शर्मा ने कहा है कि पिछले दिनों जारी भर्ती विज्ञापन में सिर्फ पुरुष उम्मीदवारों से आवेदन मांगे गए हैं और स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि महिलाएं आवेदन नहीं कर सकती हैं, जिससे बीजेपी की महिला विरोधी मानसिकता उजागर होती है।

उन्होंने इसे महिलाओं के साथ भेदभाव बताते हुए कहा कि एक ओर सरकार महिला सशक्तिकरण के बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी ओर पुलिस बैंड जैसी सेवाओं में उन्हें अवसर से वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने विज्ञप्ति में संशोधन कर महिलाओं को भी आवेदन का अवसर देने की मांग की है और ऐसा न होने पर सड़क से सदन तक आंदोलन की चेतावनी दी है।

संगीता शर्मा ने बीजेपी सरकार पर साधा निशाना

मध्यप्रदेश में महिला सशक्तिकरण को लेकर राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस प्रवक्ता संगीता शर्मा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में पुलिस बैंड जैसी सेवाओं में महिलाओं को अवसर से वंचित रखा जा रहा है, जो लैंगिक समानता के सिद्धांतों के खिलाफ है।

पुलिस बैंड भर्ती में महिलाओं को बाहर करने पर किए सवाल 

उन्होंने कहा कि एक  तरफ मध्यप्रदेश में पिछले दिनों पुलिस बैंड भर्ती को लेकर विज्ञापन जारी हुआ जिसमें सिर्फ पुरुषों से आवेदन मांगा गया है और उसमें साफतौर पर लिखा है कि इसमें महिलाएं आवेदन नहीं कर सकती हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने सवाल किया कि क्या प्रदेश की बीजेपी सरकार योग्य नहीं है या उन्हें पीछे धकेलने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं अंतरिक्ष, खेल, सेना और कला जैसे क्षेत्रों में देश का नाम रोशन कर रही हैं, लेकिन मध्यप्रदेश में पुलिस बैंड जैसी सेवाओं में उन्हें शामिल न करना लैंगिक समानता पर सवाल खड़ा करता है।

 आंदोलन की चेतावनी

संगीता शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा है कि उस समय महिला पुलिस बैंड के गठन और प्रशिक्षण जैसी पहल शुरू की गई थी, जिसका उद्देश्य महिलाओं को रोजगार और सम्मान देना था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने उस पहल को गंभीरता से आगे नहीं बढ़ाया। उन्होंने ये आरोप भी लगाया कि पुलिस बैंड में पुरुष आरक्षकों की नियुक्ति को लेकर पारदर्शिता नहीं है और कई मामलों में उनका उपयोग बैंड सेवा की बजाय निजी कार्यों में किया जाता है, जो पुलिस संसाधनों का दुरुपयोग है। कांग्रेस प्रवक्ता ने सरकार से मांग की है कि महिला पुलिस बैंड भर्ती में महिलाओं को भी आवेदन करने का अवसर दिया जाए और अगर ऐसा नहीं होता है तो कांग्रेस सड़क से सदन तक इस मुद्दे को उठाएगी।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews