MP School : प्राइवेट स्कूलों के लिए मान्यता लेने और नवीनीकरण का आज अंतिम अवसर, इसके बाद संचालन किया तो होगा एक्शन

School Re Open

MP School : मध्य प्रदेश में स्कूलों का नया शिक्षण सत्र 2024-25 अप्रैल से शुरू होने वाला है, हर सत्र में कई नए स्कूल खुलते हैं जिन्हें शासन से स्कूल संचालन के लिए मान्यता लेनी होती है, कुछ ऐसे स्कूल होते हैं जिनकी मान्यता समाप्त हो चुकी होती है उन्हें मान्यता का नवीनीकरण कराना होता है ऐसे ही स्कूल संचालकों के लिए ये खबर महत्वपूर्ण है।

दरअसल स्कूल शिक्षा विभाग स्पष्ट कर चुका है कि प्रदेश में कोई भी स्कूल बिना मान्यता के संचालित नहीं होगा इसके लिए शासन द्वारा नियम बनाये गए हैं जिसका पालन सभी स्कूलों को करना होगा, इसके लिए मान्यता के लिए आवेदन करना होगा, शासन ने मान्यता के लिए  विलंब शुल्क के साथ तारीख 15 मार्च निर्चारित की है यानि आज आवेदन करने के लिए अंतिम दिन है।

आज मान्यता के लिए आवेदन करने का अंतिम दिन 

जिन प्राइवेट स्कूल  स्कूलों को मान्यता के लिए नया आवेदन करना है या फिर उन्हें मान्यता का नवीनीकरण कराना है तो उनके पास आज अंतिम अवसर है, शिक्षण संस्थाएंअपने आवेदन 5 हजार रुपये विलंब शुल्क के साथ जमा कर सकेंगी। गौरतलब है कि पहले आवेदन करने की अंतिम तारीख 17 फरवरी निर्धारित थी जिसे बढ़ाकर विलंब शुल्क के साथ 15 मार्च कर दिया गया।

शिक्षा विभाग के मोबाइल एप पर आवेदन की सुविधा 

इस संबंध में राज्य शिक्षा केन्द्र ने कलेक्टर्स और जिला परियोजना समन्वयक को पत्र लिखा है कि नियत तिथि के बाद किसी भी जिले में अशासकीय स्कूल बगैर मान्यता के संचालित न हो सकें ये जिम्मेदारी उनकी है। यहाँ बता दें कि ये आवेदन शिक्षा विभाग के मोबाइल  पर ऑनलाइन किये जा सकते हैं।

DEO करेंगे आवेदन की अंतिम जाँच 

आवेदन मिलने के बाद संबंधित विकासखंड अधिकारी आवेदन किये गए स्कूल का भौतिक सत्यापन करेगा जिसकी रिपोर्ट ऑनलाइन जिला शिक्षा अधिकारी को भेजेगा, जिला शिक्षा अधिकारी सभी दस्तावेजों की जाँच कर मान्यता पर फैसला लेगा और शासन को इसकी सूचना देगा।

पीएमश्री विद्यालयों में अटल टिंकरिंग लैब

मध्य प्रदेश में पीएमश्री योजना के अंतर्गत 112 विद्यालयों में अटल टिंकरिंग लैब स्थापना के लिये लोक शिक्षण संचालनालय ने निविदा आमंत्रित की हैं। निविदा की अंतिम तिथि एक अप्रैल, 2024 तय की गई है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी https://gem.gov.in पर देखी जा सकती है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews