विधानसभा में गूंजा किसानों का मुद्दा: कमलनाथ बोले “MP भ्रष्टाचार में नंबर वन, बीजेपी सरकार किसानों के साथ कर रही है अन्याय”

कांग्रेस विधायक आज सदन में चुगा हुआ खेत और चिड़िया का मॉडल लेकर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश में बीजेपी राज में 'चिड़िया चुग गई खेत' वाली कहावत सही साबित हो रही है। सत्र के पहले दिन एक कांग्रेस विधायक पूतना का रूप धरकर पहुंची थीं और विपक्ष ने छिंदवाड़ा में कफ सिरप से बच्चों की मौत के मुद्दे पर सरकार को घेरा था।
MP Assembly Special Session

Kamal Nath

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि मध्यप्रदेश आज भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और अव्यवस्था में नंबर वन है। मध्यप्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र में दूसरे दिन उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार किसानों की पूरी तरह उपेक्षा कर रही है और उनके साथ अन्याय कर रही है।

मंगलवार को कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा में किसानों की समस्याओं को उठाया और कहा कि “किसान अकेला नहीं है”। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि हम किसानों की आवाज खेतों से उठाकर विधानसभा तक पहुँचाएंगे और किसानों के खिलाफ खड़ी सरकार से हर सवाल पूरी ताकत से पूछेंगे।

विधानसभा में कांग्रेस ने किसानों की समस्याओं को लेकर किया प्रदर्शन

विधानसभा सत्र के दूसरे दिन विपक्षी विधायक हाथों में सांकेतिक ‘चुगा हुआ खेत’ और चिड़िया लेकर पहुंचे। इस सांकेतिक मॉडल के ज़रिए उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में “चिड़िया चुग गई खेत” वाला मुहावरा सही साबित हो रहा है और बीजेपी सरकार ने किसानों की दुर्दशा कर दी है। विधानसभा परिसर में नारेबाजी करते हुए कांग्रेस विधायकों ने कहा कि कहा कि सरकार ने भले किसानों का साथ छोड़ दिया है लेकिन वो उनकी लड़ाई में हर कदम पर उनके साथ है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वो पूरी ताकत से किसानों की समस्याएं और उनकी मांगों को सदन में उठाएंगे।

कमलनाथ ने बीजेपी सरकार पर लगाए आरोप

बता दें कि एक दिन पहले ही धार जिले के खलघाट में हजारों किसान सड़क पर उतर आए। बड़वानी, धार, खरगोन और खंडवा जिलों के हजारों किसानों ने एमएसपी के लिए कानूनी बनाने, कर्जमाफी सहित अन्य मांगों को लेकर मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जोरदार प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के बैनर तले हुए इस आंदोलन में हजारों किसान शामिल हुए और उन्होंने अपनी मांगों को लेकर स्थानीय प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा।

किसानों से जुड़े मुद्दे को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ ने बीजेपी सरकार को घेरा है। विधानसभा परिसर में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि “आज मध्यप्रदेश भ्रष्टाचार में नंबर वन है, बेरोजगारी में नंबर वन और अव्यवस्था में भी नंबर वन है। पूरे देश में कानून व्यवस्था को लेकर सबसे खराब हालत मध्यप्रदेश की है। मध्यप्रदेश की अर्थव्यवस्था सत्तर प्रतिशत कृषि पर आधारित है इसका मतलब प्रदेश में सत्तर प्रतिशत किसान है। लेकिन आज उनकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही है।” पूर्व सीएम ने कहा कि जब तक किसानों के साथ न्याय नहीं होगा..प्रदेश आगे नहीं बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह किसानों के साथ है और विपक्ष विधानसभा में किसानों से जुड़ी समस्याओं और मुद्दों को पुरज़ोर तरीके से उठाएगा।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews