OBC Reservation: सर्वदलीय बैठक के फैसले को उमंग सिंघार ने बताया कांग्रेस की जीत, सरकार से की ये अपील

उमंग सिंघार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देने के पक्ष में कभी नहीं रही लेकिन जब उसे दिखाई दिया कि यदि ऐसा नहीं किया तो उसके हाथ से ओबीसी वर्ग का वोट चला जायेगा इसलिए दबाव के चलते उसने ये फैसला लिया है।   
all party meeting Umang Singhar

ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण  (27 percent OBC reservation) दिए जाने के मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक के फैसले को कांग्रेस ने उसकी जीत बताया है, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कमलनाथ सरकार ने 27 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला लिया था लेकिन भाजपा की सरकार उसे लटकाती रही, अलग अलग तरीके से उसे रोकने का प्रयास किया लेकिन अब कांग्रेस के दबाव के आगे सरकार को झुकना पड़ा है ये हमारी पार्टी की जीत है, हम फैसले का स्वागत करते हैं।

मध्य प्रदेश की सरकारी नौकरियों में ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने के मामले में आज मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित सर्वदलीय बैठक में फैसला हुआ कि इसे जल्दी ही लागू किया जायेगा, सुप्रीम कोर्ट से अनुरोध करेंगे कि वे जल्दी अपना फैसला सुनाये, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि सभी दल इस बात के लिए प्रतिबद्ध हैं कि ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण मिलना चाहिए।

उमंग सिंघार ने कहा, खोदा पहाड़ निकली चुहिया

सर्वदलीय बैठक के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा , खोदा पहाड़ निकली चुहिया..उन्होंने कहा कांग्रेस ने  कमलनाथ सरकार के समय 27 प्रतिशत आरक्षण देने का कनून पास किया था लेकिन भाजपा की सरकार इसपर आपत्ति लेती रही इसे रोकती रही, 6 साल से भाजपा की कथनी और करनी में अंतर साफ दिखाई दे रहा है।

BJP ने नारियल फोड़कर गृह प्रवेश किया है 

उन्होंने कहा कि जैसे गृह प्रवेश होता है उसी तरह कांग्रेस ने पांच साल पहले जो 27 प्रतिशत आरक्षण के लिए घर बनाया आज भाजपा ने नारियल फोड़कर गृह प्रवेश किया है करना था तो पहले ही कर देते लेकिन ये श्रेय की लड़ाई है, लेकिन मैं समझता हूँ कि जब किसी विकास, समाज या अधिकार की बात हो तो राजनीति नहीं करना चाहिए, हम सरकार के फैसले का स्वागत करते हैं।

सिंघार का तंज, गणेश चतुर्थी पर सरकार को सद्बुद्धि आई

तंज कसते हुए उमंग सिंघार ने कहा कि गणेश चतुर्थी पर मुख्यमंत्री और उनकी सरकार को, भारतीय जनता पार्टी को सद्बुद्धि आई हम तो यही अपेक्षा करेंगे कि जिनको आरक्षण मिलना रुका है जल्दी ही उनको इसका लाभ मिले, उमंग सिंघार ने कहा देर आये दुरुस्त आये, सरकार ने अपनी गलती मानी, सुधारने का प्रयास किया, यह लड़ाई कांग्रेस पार्टी ने लड़ी है, यह हमारी जीत है।

सरकार दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं करना चाहती 

एक सवाल के जवाब में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा सरकारों ने ओबीसी आरक्षण में अड़ंगे लगाये लेकिन अब मामला सुलझ गया ऐसा  दिखाई दे रहा है, एक अन्य सवाल के जवाब में उमंग सिंघार ने कहा कि अधिकारियों का अपना अपना एजेंडा होता है किसने ये स्थिति पैदा की ये मालूम होना चाहिए इसलिए हमने कहा है ऐसे अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन सरकार की ऐसी कोई मंशा दिखाई नहीं दे रही है।

[dgv_vimeo_video id=”1113839649″]

[dgv_vimeo_video id=”1113839881″]

[dgv_vimeo_video id=”1113840030″]

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews