राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ के आरोप के बाद कमलनाथ ने भी लगाया साजिश का इल्ज़ाम, मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव परिणाम को लेकर उठाए सवाल

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रदेश में बीजेपी को जमीनी हकीकत, मीडिया और सर्वेक्षणों में कमजोर स्थिति में पाया गया था..फिर भी चुनावी नतीजे चौंकाने वाले आए। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सत्ता पाने की नहीं है, बल्कि वोट के महत्व को बरकरार रखने और सरकार चुनने का अधिकार जनता के पास सुरक्षित रखने की है।
Kamal Nath

Kamal Nath

राहुल गांधी ने चुनाव आयोग को निशाने पर लेते हुए कर्नाटक की एक विधानसभा सीट पर ‘वोट चोरी’ के आरोप लगाए हैं। इसके बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मध्यप्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव के परिणाम को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि एमपी में कांग्रेस से सर्वे, मीडिया और स्वयं बीजेपी के आकलन के अनुसार भी वो दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर रही थी..लेकिन जो परिणाम आए वो विपरीत और चौंकाने वाले थे।

कांग्रेस नेता ने कहा कि राहुल गांधी जी मध्यप्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र जैसे राज्यों में कांग्रेस के खिलाफ हुए षड्यंत्र का पर्दाफाश किया है और हम लाखों करोड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत को बर्बाद नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि हम निष्पक्ष निर्वाचन के लिए सड़क से सदन तक लड़ेंगे।

राहुल गांधी के बाद कमलनाथ ने भी साधा निशाना

राहुल गांधी ने कर्नाटक की एक विधानसभा में 1 लाख से अधिक फर्जी मतदाताओं का आरोप लगाया है और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं। कमलनाथ ने इसे लेकर कहा है कि ‘एक ही विधानसभा में 1 लाख से अधिक फर्जी मतदाता कोई मानवीय गलती नहीं बल्कि सुनियोजित ढंग से फर्जी मतदान कराने का षड्यंत्र है।’ उन्होंने कहा कि ये सत्ता पाने की लड़ाई नहीं है, बल्कि वोट के महत्व को बरकरार रखने और सरकार चुनने का अधिकार जनता के पास सुरक्षित रखने की लड़ाई है।

मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव परिणामों पर उठाए सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर भी प्रश्न किए हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी को किसी भी सर्वे या जमीनी हकीकत में दहाई अंक पार करने की स्थिति में नहीं देखा गया था। कमलनाथ ने कहा कि ‘मध्यप्रदेश का चुनाव मैंने अपनी आँखों से देखा और लड़ा है। बीजेपी नेताओं का खुलेआम विरोध हो रहा था, बीजेपी की सभाओं से जनता नदारद थी, शिवराज सिंह चौहान खुद अपनी हार स्वीकार कर चुके थे, लेकिन बाद में किसी अप्रत्याशित साजिश ने परिणाम बदल दिए। मध्यप्रदेश में पोस्टल बैलट में कांग्रेस को भारी बढ़त मिली है, जबकि ईवीएम के परिणाम कुछ और ही कहानी कह रहे थे।’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस तरह की साज़िश बेनकाब करने के लिए सड़क से लेकर सदन तक आवाज़ उठाएगी।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews