शिवपुरी दलित युवक की हत्या मामले में सीएम मोहन यादव ने की परिजनों को 4 लाख सहायता राशि देने की घोषणा, प्रभारी मंत्री को पीड़ित परिवार से मिलने के निर्देश

मुख्यमंत्री इस समय विदेश यात्रा पर हैं और इस घटना के बाद से ही कांग्रेस प्रदेश सरकार पर कानून व्यवस्था बनाए रखने में नाकाम रहने का आरोप लगा रही है। इधर सीएम ने इस मामले को लेकर दुख ज़ाहिर किया है और कहा है कि मध्यप्रदेश में ऐसी क्रूरता एवं अराजकता के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा है कि हमारी सरकार इस तरह के अराजक लोगों के प्रति गंभीर है।
CM Dr Mohan Yadav

Coldrif Syrup Ban

Shivpuri Dalit Youth Murder Case : मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शिवपुरी में दलित युवक की हत्या के मामले में परिवार को चार लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है। इसी के साथ उन्होंने प्रभारी मंत्री को घटनास्थल पहुंचकर पीड़ित परिवार से मिलने के निर्देश भी दिए हैं। बता दें कि मुख्यमंत्री अभी विदेश यात्रा पर हैं। इस घटना के बाद कांग्रेस लगातार प्रदेश सरकार पर हमलावर है और उसपर निशाना साध रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया प्लेसफॉर्म एक्स पर लिखा है कि ‘भाजपा की घोर विडंबना देखिए! एक तरफ़ पूरा देश संविधान दिवस मना रहा है, बाबा साहेब अंबेडकर के विचारों की बातें हो रही हैं, और दूसरी तरफ़ भाजपा के राज में मेरे दलित भाई को लाठियों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। भाजपा का राज आज दलितों के लिए शोषण और अत्याचार का पर्याय बन चुका है। 21वीं सदी में भी मेरे दलित परिवारों पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं। प्रदेश के गृहमंत्री विदेश में छुट्टियां मना रहे हैं, और यहां उनके संरक्षण में पनप रहा माफिया मेरे दलित परिवारों पर हर रोज़ अत्याचार के नए क़िस्से लिख रहा है। संविधान को बचाने की लड़ाई इसलिए ज़रूरी है, ताकि कोई और दलित भाई अत्याचार का शिकार न हो सके।’

ये है मामला

घटना शिवपुरी जिले के सुभाषपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम इंदरगढ़ की है, जहां दलित युवक नारद जाटव (28 वर्ष) की लाठी से पीटकर हत्या कर दी गई। युवक मूल रूप से ग्राम दौरार थाना मोहना जिला ग्वालियर का निवासी था और हाल ही में अपनी मामी विद्याबाई जाटव के घर आया था। विद्याबाई ने गांव के सरपंच पदम धाकड़ के बोरवेल से अपनी जमीन के लिए पानी का कनेक्शन लिया हुआ था। मंगलवार शाम करीब पाँच बजे बोरवेल से पानी लेने के विवाद में नारद का सरपंच पदम धाकड़ के बेटों निक्की, मोहर पाल, भतीजे अंकेश और कुछ अन्य लोगों के साथ झगड़ा हो गया। विवाद बढ़ने पर सरपंच धाकड़ के परिवार के सदस्यों ने नारद पर हमला कर दिया। उन्होंने नारद को खेत में पटककर लाठियों से बेरहमी से पीटा। हमला इतना हिंसक था कि नारद गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन तुरंत उसे शिवपुरी के मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में आठ लोगों पर एफआईआर की गई थी और सभी को हिरासत में लिया गया है।

सीएम ने की ये घोषणा

इस मामले के बाद अब विदेश यात्रा पर गए मुख्यमंत्री मोहन यात्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि ‘शिवपुरी जिले के सुभाषपुरा थाना अंतर्गत ग्राम इंदरगढ़ में नल कनेक्शन को लेकर दो पक्षों में हुए आपसी विवाद में एक युवक को गंभीर चोट आई, जिसकी इलाज के दौरान मृत्यु हो जाने का समाचार बहुत ही दुःखद है। मृतक के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि देने के निर्देश दिये हैं। मैंने प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर जी को घटना स्थल पर पहुँच कर पीड़ित परिवार से मिलने हेतु निर्देशित किया है, आप सहायता राशि का चेक भी पीड़ित परिवार को प्रदान करेंगे। मध्यप्रदेश में ऐसी क्रूरता एवं अराजकता के लिए कोई स्थान नहीं है। हमारी सरकार इस तरह के अराजक लोगों के प्रति गंभीर है। पुलिस कार्रवाई में 8 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।’

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews