खेतों में उतरे सीएम डॉ मोहन यादव, खराब सोयाबीन फसल का लिया जायजा, अफसरों को सर्वे के निर्देश, किसानों से बोले- सरकार आपके साथ

सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है। प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का सर्वे लगातार किया जा रहा है और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Soybean crop destroyed in Shajapur district, CM Dr. Mohan Yadav

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज शाजापुर  जिले के ग्राम पंचायत खड़ी में आयोजित म कृषि चौपाल में अन्नदाताओं से संवाद किया।  उन्होंने किसानों द्वारा दी गयी जानकारी पर अल्प वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त हुई सोयाबीन की फसल का खेतों में जाकर निरीक्षण किया। सभी कलेक्टर व एसपी को निर्देश दिए हैं कि प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का तत्काल सर्वे करें, जिससे हमारे किसानों की फसल क्षति की अधिकतम भरपाई सुनिश्चित हो सके।

मुख्यमंत्री ने कहा प्रदेश सरकार किसानों के साथ है और हम किसानों को किसी तरह का नुकसान नहीं होने देंगे, उन्होंने चौपाल में कहा कि बारिश कम होने एवं कीट प्रकोप के कारण जहां-जहां भी सोयाबीन की फसल को नुकसान हुआ है, उसका पूरा सर्वे कराया जायेगा, किसानों को नुकसान नहीं होने देंगे। किसानों को अधिकतम लाभ दिया जायेगा। किसानों की जिंदगी बेहतर हो, इसके लिए केन्द्र एवं राज्य की सरकार लगातार प्रयासरत हैं।

लंबित बीमा राशि के प्रकरणों का निपटारा करें  

मुख्यमंत्री ने कलेक्टर शाजापुर को निर्देश दिये कि जिन किसानों को पिछले वर्षों की बीमा राशि प्राप्त नहीं हुई है, उनके प्रकरणों का निराकरण कराएं। आने वाले समय में शाजापुर जिले के किसानों को नर्मदा-पार्वती-चंबल-कालीसिंध लिंक परियोजना से पानी उपलब्ध कराया जायेगा। इससे गरीब किसानों के जीवन में बदलाव आएगा।

मुख्यमंत्री ने बताये कामधेनु योजना के फायदे 

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने देशी गाय पालन को प्रोत्साहन देने के लिए शुरू की गई कामधेनु योजना के बारे में बताते हुए कहा कि इस योजना में किसानों से गाय का दूध क्रय किया जायेगा। उन्होंने 25 गाय के पालन पर लगने वाली राशि 40 लाख पर सरकार द्वारा 10 लाख रुपये का अनुदान भी दिया जायेगा।

हिरण, नील गाय के व्यवस्थापन के निर्देश 

ग्रामीण क्षेत्रों में गायों के लिए गौशालाएं भी बनाई जायेगी। गौशालाओं को गायों के रखरखाव के लिए 40 रुपये प्रति गाय की दर से अनुदान दिया जायेगा। पांच हजार से अधिक पशु रखकर गौशाला संचालित करने पर भूमि भी उपलब्ध कराई जायेगी। इसी तरह क्षेत्र में विचरण कर रहे वन्यप्राणियों हिरण, नील गाय आदि के समुचित व्यवस्थापन के निर्देश भी वन विभाग को दिये। उन्होंने कहा कि किसान बिना किसी चिंता के अपनी फसलों का उत्पादन प्राप्त करें और खुशहाल बनें।

“एक बगिया माँ के नाम” योजना से ये होगा लाभ 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने “एक बगिया माँ के नाम” योजना के बारे में बताया और कहा कि किसानों को एक एकड़ जमीन में फलोद्यान लगाने पर प्रथम वर्ष 2 लाख रुपए  तथा इसके अगले वर्ष 55 हजार रूपये इस प्रकार 3 वर्ष तक अनुदान दिया जायेगा।

कपास उत्पादक किसानों का बदलेगा जीवन 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में कपास उत्पादन को प्रोत्साहित किया जायेगा। इसके लिए धार जिले के बदनावर में “पीएम मित्रा” औद्योगिक पार्क विकसित करने जा रहे हैं, जिसका 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शिलान्यास किया जायेगा। उन्होंने कहा कि धार जिले सहित मालवा निमाड़ अंचल के कपास उत्पादक किसानों के जीवन में अभूतपूर्व परिवर्तन लाने का माध्यम बनेगा।

किसान के घर जाकर ली नुकसान की जानकारी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्राम खड़ी के किसान परवत सिंह बगाना के निवास पर जाकर उनसे सोयाबीन की खराब हुई फसल से हुए नुकसान की जानकारी ली।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews