
इस समय पूरे देश में स्वदेशी अभियान चल रहा है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वदेशी वस्तुएं अपनाने का आह्वान कर रहे हैं, त्योहारों को देखते हुए प्रधानमंत्री ने आग्रह किया है कि अपने लिए या फिर अपने किसी परिजन के लिए कुछ भी वास्तु खरीदें वो स्वदेशी होनी चाहिए जिसके बाद से भाजपा शासित राज्यों की सरकारें भी स्वदेशी की मुहिम चला रहे हैं। इसी क्रम में मध्य प्रदेश सरकार राज्य स्तरीय स्वदेशी जागरण सप्ताह का आयोजन कर रही है।
मध्यप्रदेश जन-अभियान परिषद एवं स्वदेशी जागरण मंच के संयुक्त तत्वावधान में राज्य स्तरीय स्वदेशी जागरण सप्ताह का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव गुरुवार को रवीन्द्र भवन भोपाल में करेंगे। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में मुख्यमंत्री निवास से प्रात: 9 बजे से रवीन्द्र भवन तक रैली निकाली जायेगी। रैली में मध्यप्रदेश जन-अभियान परिषद एवं स्वदेशी जागरण मंच के 300 प्रतिभागी सहभागिता करेंगे।
25 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
महा-अभियान प्रदेश के 313 विकासखण्डों में 25 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक चलेगा। स्वदेशी जागरण सप्ताह में स्वदेशी वस्तुओं का प्रचार-प्रसार करने और बढ़ावा देने के उद्देश्य से पूरे प्रदेश में स्वदेशी जागरण सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है।
इन सभी की रहेगी मौजूदगी
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा, मध्यप्रदेश जन-अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर, स्वर्णिम भारत वर्ष फाउण्डेशन एवं अखिल भारतीय सह प्रमुख स्वदेशी मेला के सीईओ साकेत सिंह राठौर, स्वाबलंबी भारत अभियान के अखिल भारतीय सह-समन्वयक जितेन्द्र गुप्त, सरस्वती विद्या प्रतिष्ठान मध्यप्रदेश के प्रादेशिक अध्यक्ष मोहन गुप्ता और स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहेंगे।
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

