लोकसभा में राहुल गांधी के ‘हिंदू’ वाले बयान पर भड़की उमा भारती, कहा ‘दुर्भाग्य से विपक्ष के नेता चुन लिए गए हैं, मैं आपकी भर्त्सना करती हूँ’

बीजेपी नेता ने राहुल को घेरते हुए कहा कि हिंदू या तो हिंसा के शिकार हुए हैं या हिंसा का सामना किया हैं। कल संसद में राहुल गांधी जी का व्यवहार एवं भाषण विपक्ष के नेता की तरह नहीं, किसी कॉलेज के उच्छृंखल छात्र नेता की तरह था।
Uma

Uma Bharti on Rahul Gandhi statement : कांग्रेस सांसद और विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयान पर हंगामा जारी है। एक दिन पहले उन्होंने लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कई बातें कही। इसी दौरान हिंदुओं को लेकर दिए गए बयान के बाद बीजेपी उनपर हमलावर है। अब उमा भारती ने भी राहुल पर निशाना साधते हुए उन्हें नसीहत दी है।

उमा भारती ने की राहुल के बयान की निंदा

उमा भारती ने एक्स पर लिखा है कि ‘हिंदू या तो हिंसा के शिकार हुए हैं या हिंसा का सामना किया हैं। कल संसद में राहुल गांधी जी का व्यवहार एवं भाषण विपक्ष के नेता की तरह नहीं, किसी कॉलेज के उच्छृंखल छात्र नेता की तरह था। राहुल को याद रखना होगा कि वह दुर्भाग्य से विपक्ष के नेता चुन लिए गए हैं, दूसरा वह अब युवा नहीं है बल्कि 50 साल से ज्यादा के अधेड़ हैं। राहुल जी अपना पद, अपना देश और अपनी उम्र का कुछ तो ख्याल रखिए, पूरे देशवासियों के साथ मैं भी आपकी भर्त्सना करती हूं।’

राहुल गांधी ने कही थी ये बात

बता दें कि राहुल गांधी ने लोकसभा में कहा था कि हिंदुस्तान डर का देश नहीं है। उन्होंने कहा कि ‘हमारे सभी महापुरुषों ने अहिंसा की बात की, डर मिटाने की बात की। नरेंद्र मोदी, भाजपा और RSS पूरा हिंदू समाज नहीं हैं- जो हिंसा और नफ़रत फैलाता है, वो हिंदू हो ही नहीं सकता। नरेंद्र मोदी पूरा हिंदू समाज नहीं है। BJP पूरा हिंदू समाज नहीं है। RSS पूरा हिंदू समाज नहीं है। BJP के पास हिंदू समाज का ठेका नहीं है। हर धर्म सिखाता है – डरो मत, डराओ मत। सत्य के साथ खड़ा होना चाहिए, उससे पीछे नहीं हटना चाहिए, और अहिंसा के रास्ते पर चलना चाहिए।जब भाजपा ने देश में भय फैलाया, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए INDIA ने इसी सोच को अपनाया।’ इसी के साथ उन्होंने सदन में भगवान शिवशंकर की तस्वीर भी दिखाई और बीजेपी पर जमकर हमला बोला। इसके बाद उनके बयान को लेकर बीजेपी ने भी आक्रामक रूख अपना लिया और आरोप लगाया कि राहुल ने पूरे हिंदू समाज को हिंसक कहा है और उनका अपमान किया है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews