सीएम डॉ मोहन यादव से मिले वीडी शर्मा, शहीद प्रदीप पटेल के परिवार को 1 करोड़ रुपये सम्मान निधि देने की मांग की, अंत्येष्टि में होंगे शामिल

कल शनिवार को शहीद प्रदीप पटेल का अंतिम संस्कार उनके गाँव हरदुआ में किया जायेगा जिसमें सांसद विष्णु दत्त शर्मा और कटनी जिले के प्रभारी मंत्री राव उदय प्रताप सिंह सहित अन्य जन प्रतिनिधि शामिल होंगे। 
Mohan Yadav VD Sharma

VD Sharma met CM Dr. Mohan Yadav : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने आज मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से मुलाकात की और शहीद प्रदीप पटेल के परिवार को एक करोड़ रुपये की सम्मान निधि देने के लिए पत्र सौंपा, वीडी शर्मा ने अनुरोध किया कि शहीद परिवार को शासन द्वारा दी जाने वाली सभी सुविधाएँ जल्दी मुहैया कराई जाएँ।

सड़क दुर्घटना में जवान प्रदीप पटेल शहीद 

भाजपा अध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद वीडी शर्मा के संसदीय क्षेत्र की विधानसभा विजयराघवगढ़ निवासी सेना के जवान  प्रदीप पटेल कल सिक्किम के पाक्योंग में एक सड़क दुर्घटना में वीरगति  को प्राप्त हो गए, उनके शहीद होने की खबर लगते ही उनके गाँव हरदुआ में मातम पसर गया।

शहादत की खबर के बाद परिजनों को दी सांत्वना   

वीडी शर्मा ने X पर लिखा – “मेरे संसदीय क्षेत्र के विजराघवगढ़ विधानसभा के हरदुआ गाँव के वीर सपूत प्रदीप पटेल का सिक्किम के पाक्योंग में एक सड़क दुर्घटना में वीरगति प्राप्त होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएँ हैं। इस दुर्घटना की सूचना मिलते ही वीर जवान के परिजनों से फ़ोन पर चर्चा कर उन्हें ढाँढस बँधाया एवं शासन द्वारा हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत वीरात्मा को श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकमय परिजनों को इस वज्रपात को सहन करने की शक्ति प्रदान करे”।

अंतिम संस्कार में शामिल होंगे वीडी शर्मा 

सांसद वीडी शर्मा आज इसी विषय को लेकर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से मिलने पहुंचे, उन्होंने शहीद जवान प्रदीप पटेल के परिवार को एक करोड़ की सम्मान निधि देने लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को एक पत्र सौंपा, वीडी शर्मा ने सीएम से शहीद के परिवार में एक सरकारी नौकरी दिलाने और शासन की ओर से दी जाने वाली सुविधाओं को जल्द दिलाने की मांग रखी। बता दें कि कल शनिवार को शहीद प्रदीप पटेल का अंतिम संस्कार उनके गाँव हरदुआ में किया जायेगा जिसमें सांसद विष्णु दत्त शर्मा और कटनी जिले के प्रभारी मंत्री राव उदय प्रताप सिंह सहित अन्य जन प्रतिनिधि शामिल होंगे।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews