
Bhopal News: भोपाल के हमीदिया अस्पताल (Hamidia Hospital) इलाके से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां पर एक युवक बिजली के तारों पर चढ़ गया और एक तार से दूसरे तार पर जाने के बाद लटकता हुआ जमीन पर कूद गया। आसपास मौजूद लोगों ने युवक को उठाकर तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। इस घटना से आसपास मौजूद स्तब्ध नजर आए।
जानकारी के मुताबिक इस युवक की मानसिक हालत ठीक नहीं है और इसका इलाज भी चल रहा है। तार से गिरने के बाद युवक की दाहिने हाथ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया है और उसे हमीदिया अस्पताल के हड्डी रोग विभाग में एडमिट करवाया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक ऊंचाई से गिरने की वजह से यह फ्रैक्चर हुआ है फिलहाल उसकी सेहत स्थिर है और अगले एक-दो दिन में सर्जरी करने की बात कही जा रही है।
इस युवक का नाम भूरा यादव बताया जा रहा है जो होशंगाबाद का रहने वाला है। अपने पिता का इलाज कराने के लिए यह भोपाल आया था। पिता को चोट लगी हुई थी जिसका इलाज करवाने के लिए वह अस्पताल आए हुए थे। पिता का इलाज चल रहा था उसी समय यह वार्ड से गायब हो गया और 10 मिनट बाद बिजली के तारों पर चलता हुआ दिखाई दिया।
घटना के समय वहां मौजूद कुछ लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया है जिसमें दिख रहा है कि युवक एक तार से दूसरे तार पर जा रहा है और इधर-उधर चलने की कोशिश कर रहा है। वह तार पर कुछ ही दूर चल पाया था कि उसका पैर फिसल गया और वह तार से लटक गया, जहां से वह धड़ाम से नीचे गिरा। नीचे कुछ लोग खड़े हुए थे जिन्होंने उसे तुरंत ही उठाया और अस्पताल लेकर पहुंचे।
10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

