जय सिंह का पलटवार- अनूप मिश्रा मेरे मित्र, कभी कभी बहक जाते हैं, टिकट की चाह में कर रहे बेतुकी बातें

जय सिंह का पलटवार- अनूप मिश्रा मेरे मित्र, कभी कभी बहक जाते हैं, टिकट की चाह में कर रहे बेतुकी बातें

ग्वालियर।अतुल सक्सेना

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता जय सिंह कुशवाह ने पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा को उन्हें कूड़ा करकट कहे जाने पर पलटवार किया है। अनूप मिश्रा को जवाब देते हुए पूर्व साडा अध्यक्ष ने कहा कि वे पहले अपने बारे में सोचे, दो साल से कचरे में पड़े हैं कोई नहीं पूछ रहा। लेकिन वो मेरे पुराने मित्र हैं कभी कभी बहक जाते हैं। दरअसल उन्हें जौरा से टिकट चाहिए इसलिए लाइम लाइट में आने के लिए बेतुकी बातें कर रहे हैं। मै बुरा नहीं मानता।

उपचुनाव नजदीक आने और नेताओं के दल बदलने को लेकर शुरू हुई सियासत तेज हो गई है। पार्टियों में ही नेता एक दूसरे पर कटाक्ष करने से नहीं चूक रहे। ताजा मामला ग्वालियर के दो बड़े नेताओं का है। पिछले दिनों पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा ने पूर्व साडा अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के करीबी जय सिंह कुशवाह का नाम लिए बिना टिप्पणी करते हुए अप्रत्यक्ष रूप से उन्हें पार्टी का कूड़ा करकट कहा था। मीडिया ने जब अनूप मिश्रा से सवाल किया था कि कुछ लोगों का पार्टी से मोह भंग क्यों हो रहा है तब उन्होंने कहा कि जो जा रहे हैं वे कूड़ा करकट हैं, अच्छा है पार्टी की गंदगी साफ हो जायेगी। दर असल पार्टी से नाराज चल रहे जय सिंह कुशवाह ने पिछले दिनों कमलनाथ और दिग्विजय सिंह से मुलाकात कर अंचल की राजनैतिक हलचल बढ़ा दी थी । अनूप मिश्रा का बयान उसी मुलाकात से जोड़कर देखा गया। अब इसपर जय सिंह कुशवाह ने पलटवार किया है।

जय सिंह कुशवाह ने अनूप मिश्रा को करारा जवाब देते हुए कहा कि पहले वो अपने बारे में सोचें। दो साल से कचरे में पड़े हैं। कोई नहीं पूछ रहा। वे कभी कभी सनक जाते हैं। मेरे दोस्त हैं मैं उनकी बातों का बुरा नहीं मानता। वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा कि कुछ दिन पहले ही प्रदेश के दिवंगत राज्यपाल स्व लालजी टंडन ने भी अनूप मिश्रा को घर में रहने के लिए कहा था। इतना ही नहीं 2019 में तो अनूप मिश्रा लोकसभा हराने निकल पड़े थे उनका एक ऑडियो अजय पाल सिंह से बात करते हुए वायरल हुआ था। वे कभी कभी बहक जाते हैं खुद नहीं सोचते कि क्या बोलते हैं। खास तौर पर जब कोई चुनाव आते हैं तो लिए लाइम लाइट में आने के लिए बेतुकी बातें करने लगते हैं। जय सिंह ने दावा किया कि अनूप मिश्रा जौरा विधानसभा से टिकट चाहते हैं इसलिए ज्ञान बांट रहे हैं जब चुनाव खत्म हो जायेंगे तो थोड़े दिन बाद बिल में घुस जायेंगे। हम तो बारहमासी लोग हैं हमें कोई फर्क नहीं पड़ता।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews