नये साल में ग्वालियर को केंद्र सरकार ने दिया 778 करोड़ रुपये का तोहफा, पढ़ें पूरी खबर

नये साल में ग्वालियर को केंद्र सरकार ने दिया 778 करोड़ रुपये का तोहफा, पढ़ें पूरी खबर

Gwalior News : नया साल ग्वालियर शहर के लिए एक अच्छी शुरुआत लेकर आया है, केंद्र सरकार ने ग्वालिरो को 778 करोड़ रुपये की सौगात दी है, इसकी जानकारी आज साल 2022 के अंतिम दिन ग्वालियर के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट और ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मीडिया को दी।

मंत्रियों ने बताया कि ग्वालियर शहर की यातायात समस्या के स्थाई निराकरण एवं ग्वालियर शहर के समग्र विकास के लिए आवश्यक एलिवेटेड रोड के सेकण्ड फेज महारानी लक्ष्मीबाई प्रतिमा से गिरवाई पुलिस चौकी तक स्वर्ण रेखा नदी मार्ग पर 4-लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर के निर्माण के लिए 778.14 करोड़ रुपए की स्वीकृति केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री  नितिन गडकरी द्वारा प्रदान की गई है। इसका प्रस्ताव केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी से चर्चा कर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय को भेजा गया था।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने चर्चा के दौरान बताया कि  मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सहयोग एवं अनुशंसा तथा केंद्रीय कृषि कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट एवं ग्वालियर सांसद विवेक नारायण शेजवलकर के प्रयास एवं शहर के सभी जनप्रतिनिधियों के सकारात्मक सहयोग की भावना के चलते ग्वालियर शहर में एलिवेटेड रोड बनाने के लिए ट्रिपल आई.टी.एम. से महारानी लक्ष्मीबाई प्रतिमा तक स्वर्ण रेखा नदी के ऊपर, एलीवेटेड रोड (प्रथम फेज) का कार्य प्रारंभ हो चुका है।

उन्होंने बताया कि अब ग्वालियर शहर में महारानी लक्ष्मीबाई प्रतिमा से गिरवाई पुलिस चौकी तक स्वर्ण रेखा नदी मार्ग पर 4-लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर के निर्माण हेतु 7.42 कि०मी०, 4-लेन फ्लाईओवर निर्माण हेतु केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि के तहत 778.14/- करोड़ रुपये की स्वीकृति दे दी गयी है।

ऊर्जा मंत्री तोमर ने बताया कि ग्वालियर शहर में एलिवेटेड रोड का निर्माण होने से शहर के नागरिकों को बेहतर यातायात की सुविधा मिलेगी तथा जाम की समस्या से छुटकारा मिलेगा। ग्वालियर शहर को इतनी बड़ी सौगात मिलने पर ऊर्जा मंत्री  ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय कृषि कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट एवं सांसद विवेक नारायण शेजवलकर का आभार व्यक्त किया है।

[dgv_vimeo_video id=”785431974″]

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews