
MP Election 2023 : “कमलनाथ जी पर रॉ के पूर्व अधिकारी जीबीएस सिद्धू जी के लगाए गए गंभीर आरोपों पर कांग्रेस को जवाब देना चाहिए” गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने ये बात कही है। दरअसल रॉ में अधिकारी रह चुके जीबीएसस सिद्धू ने कमलनाथ सहित दिवंगत संजय गांधी पर आरोप लगाया है कि वो भिंडरावाले को फंडिग करते थे। एक इंटरव्यू में उन्होने ये बात कही और इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। इसे लेकर नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि 84 के दंगों का मामला अब भी कोर्ट में विचाराधीन है और कमलनाथ अब तक इसमें बरी नहीं हुए हैं। उन्होने कहा कि इसे लेकर कांग्रेस को जवाब देना चाहिए।
रॉ के पूर्व अधिकारी का बड़ा आरोप
खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद इस मामले को लेकर भारत और कनाडा के रिश्तों में तनाव व्याप्त है। इसी दरमियान रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) के पूर्व अधिकारी जीबीएस सिद्धू ने बड़ा दावा किया है। उन्होने कहा कि कांग्रेस नेता कमलनाथ और संजय गांधी जरनैल सिंह भिंडरावाले को पैसे भेजते थे। इस बयान के बाद एक बार फिर पुराने मुद्दे उछलने लगे हैं और मध्य प्रदेश की राजनीति में भी उबाल आ गया है। कुछ ही समय में यहां चुनाव होने है और कमलनाथ पर लगाए गए इस बड़े आरोप को लेकर अब गृहमंत्री ने उनसे और कांग्रेस से सवाल किया है।
बीजेपी ने कमलनाथ को घेरा
नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि चौरासी के दंगों को लेकर आज तक कमलनाथ बरी नहीं हुए हैं। ये गंभीर विषय है और इसे लेकर कांग्रेस को जवाब देना चाहिए। बता दें कि इस मामले को लेकर बीजेपी लगातार कमलनाथ पर आरोप लगाती आई है। वहीं कमलनाथ दोहराते रहे हैं कि उनके ऊपर कभी एफआईआर नहीं हुई और उनका 45 साल का राजनीतिक करियर बेदाग है। इधर चार दिन पहले ही बीजेपी सरकार में मंत्री हरदीप सिंह डंग ने सिख समुदाय से अपील की थी कि वो कांग्रेस पार्टी से टिकट न मांगे। अब रॉ के पूर्व अधिकारी के बयान के बाद एक बार फिर 84 के दंगों का जिन्न बाहर आ गया है और बीजेपी इस मौके को किसी तरह चूकना नहीं चाहती है।
कमलनाथ जी पर रॉ के पूर्व अधिकारी जीबीएस सिद्धू जी के लगाए गए गंभीर आरोपों पर कांग्रेस को जवाब देना चाहिए। pic.twitter.com/J31gDp7Obn
— Dr Narottam Mishra (@drnarottammisra) September 20, 2023
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

