आरिफ मसूद का बड़ा आरोप ‘भोपाल के इतवारा में प्रशासन के संरक्षण में खुलेआम बिकता है ड्रग्स’, पत्रकारों को दिया भेस बदलकर आने का आमंत्रण

कांग्रेस विधायक ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पुराने भोपाल में आप रात दो-तीन बजे आइए और देखिए कि कैसे वहां खुलेआम पुलिस-प्रशासन की नाक के नीचे ड्रग्स बेची जा रही है। आपको जिस क्वालिटी की ड्रग चाहिए, वो मिल जाएगी। मसूद ने पत्रकारों से कहा कि मैं इस बात से परेशान हो गया हूं और अब आपकी मदद चाहता हूं। आप गोपनीय ढंग से आइए और पुलिस को आईना दिखाइए।
Congress MLA Arif Masood Alleges Open Drug Trade in Bhopal Itwara

Arif Masood Alleges Open Drug Trade in Bhopal : भोपाल में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री केस को लेकर कांग्रेस लगातार सरकार पर हमलावर है और इस बीच विधायक आरिफ मसूद ने एक सनसनीखेज बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि इतवारा (पुराना भोपाल) में रात के समय खुलेआम ड्रग्स बिकती है। एक प्रेस कॉन्फेंस में उन्होंने पत्रकारों को न्यौता दिया और कहा कि आप सब रात के समय भेस बदलकर इतवारा आइए और आप पाएंगे कि वहां प्रशासन के संरक्षण में जो ड्रग्स चाहिए..वो मिलेगा।

बता दें कि एमडी ड्रग फैक्ट्री मामले में कांग्रेस आरोप लगा रही है आरोपी हरीश आंजना प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा का करीबी है। कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में तस्वीरें दिखाकर सरकार से सवाल किए और जगदीश देवड़ा का इस्तीफा मांगा। वहीं अब आरिफ मसूद ने जिस तरह का बयान दिया है, वो सरकार के साथ प्रशासन पर भी बड़ा सवाल उठा रहा है।

कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद का सनसनीखेज आरोप

अभी भोपाल में मिली MD ड्रग्स का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि भोपाल मध्य से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने चौंकाने वाला बयान दिया है। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि ‘मैं तो परेशान हूं..मैं आपसे मदद मांगता हूं कि आप सब इतवारा आओ रात में गोपनीय ढंग से। और भोपाल की पुलिस का आईना दिखाओ कि ये है भोपाल की पुलिस जो बड़े-बड़े दावे करती है, बच्चियों को सुरक्षित नहीं रख रही और ड्रग्स कितना खुला बिक रहा है। आप सबको आमंत्रण है..आप लोग भेस बदलकर इतवारा आइए, खरीदने आइए। रात में दो बजे, तीन बजे आइए आपको बहुत आराम से जिस क्वालिटी का ड्रग्स चाहिए मिलेगा। और प्रशासन के संरक्षण में मिलेगा।’

ड्रग्स को लेकर सरकार पर हमलावर कांग्रेस

आरिफ मसूद का ये कहना एक खुली चुनौती है। जिस अंदाज़ में वो पत्रकारों को खुलेआम पुराने भोपाल आने का निमंत्रण दे रहे हैं और कह रहे हैं कि वहां आधी रात खुलेआम ड्रग्स बिकता है..ये वाक़ई चिंता की बात है। उनका ये भी कहना है कि ये सब प्रशासन के संरक्षण में हो रहा है। इससे पहले जीतू पटवारी भी आरोप लगा चुके हैं कि प्रदेश में हर दूसरे घर में बच्चे और युवा नशे की गिरफ्त में हैं। ऐसे में अब कांग्रेस विधायक का इतना बड़ा आरोप सियासी हलकों में भूचाल लाने के लिए काफी है। इस आरोप ने सिर्फ प्रशासन को ही नहीं घेरा है, बल्कि ये सरकार से भी सवाल है। अब देखना होगा कि इसपर सरकार की तरफ़ से इतने गंभीर आरोप पर क्या जवाब आता है।

[dgv_vimeo_video id=”1017878329″]

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews