कमलनाथ ने गौधन और नर्मदा नदी के लिए किया बड़ा वादा, कांग्रेस की सरकार बनने पर लाएंगे ये योजनाएं

Kamal Nath

MP Election 2023 : मध्य प्रदेश में चुनावी महीना शुरु हो चुका है। मतदान के लिए बस कुछ दिनों की दूरी है और ऐसे में राजनीतिक दल और तेजी से प्रचार में जुट गए हैं। प्रदेश के दोनों प्रमुख दल बीजेपी और कांग्रेस अपने अपने वादों के साथ जनता के बीच है। पिछले कुछ दिनों से कमलनाथ लगातार वचन पत्र में किए वादे दोहरा रहे हैं और कांग्रेस की सरकार बनने पर प्रदेश में खुशहाली लाने का दावा कर रहे हैं। इसी क्रम में आज उन्होने गौधन और मां नर्मदा को लेकर वचन दिए हैं।

कमलनाथ ने किया वादा

कमलनाथ ने एक्स पर लिखा कि “गौ धन खुशहाली से मध्यप्रदेश के विकास” के लिए मैं वचनबद्ध हूं। कांग्रेस सरकार “नंदिनी गौ धन योजना” प्रारंभ करेगी जिसमे गौ पालकों और स्व–सहायता समूहों से 2 रुपए प्रति किलो की दर से गोबर खरीदी प्रारंभ की जाएगी जिससे किसानों–पशुपालकों और ग्रामीणों को रोजगार के साथ अतिरिक्त आय होगी। गोबर से जैविक खाद, गौ काष्ट, दीया, अगरबत्ती, मूर्तियां आदि का निर्माण और विक्रय कर स्व–सहायता समूह लाभ भी अर्जित करेंगे। गौ माता से खुशहाली आएगी। कांग्रेस आएगी, खुशहाली आएगी।” वहीं मध्य प्रदेश की जीवनदायिनी नर्मदा नदीं के लिए कहा है कि “पूज्य मां नर्मदा में मेरी गहरी आस्था और विश्वास है। मां नर्मदा के संरक्षण और संवर्धन के लिए मैं वचनबद्ध हूं। कांग्रेस सरकार “मां नर्मदा संरक्षण अधिनियम” बनाएगी, नर्मदा परिक्रमावासियो को सुविधाएं सुनिश्चित कराएगी और परिक्रमापथ को पावन रखते हुए सर्वसुविधायुक्त “51 मां नर्मदा भवनों” का निर्माण करेगी। नर्मदा भक्त आस्था और विश्वास के साथ मां नर्मदा का आशीर्वाद पाएंगे। त्वदीय पाद पंकजम, नमामि देवी नर्मदे। कांग्रेस आएगी, खुशहाली लाएगी।”

‘कांग्रेस आएगी खुशहाली लाएगी’

बता दें कि कांग्रेस ने 2023 चुनाव के लिए नारा दिया है “कांग्रेस आएगी, खुशहाली लाएगी”। कमलनाथ बीजेपी पर लगातार मध्य प्रदे को चौपट प्रदेश बनाने का आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि शिवराज सरकार ने एमपी को कमीशन और भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है इसीलिए न तो यहां कोई निवेश आता है न ही युवाओं को रोजगार मिलता है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य मध्य प्रदेश के हर व्यक्ति और वर्ग को खुशहाल बनाना है इसीलिए इस बार उन्होने खुशहाली का नारा दिया है। वो लगातार जनता से सच्चाई का साथ देने और मध्य प्रदेश का भविष्य चुनने का आह्वान कर रहे हैं और अब एक बार फिर उन्होने गौवंश और नर्मदा नदी को लेकर वादा किया है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews