MP Election 2023 : शिवराज के खिलाफ हुए ट्वीट पर कमलनाथ ने कहा ‘आपके व्यक्तिगत दुश्मन आपकी पार्टी में, ईश्वर आपको दीर्घायु करे’

MP Election 2023 : शिवराज के खिलाफ हुए ट्वीट पर कमलनाथ ने कहा ‘आपके व्यक्तिगत दुश्मन आपकी पार्टी में, ईश्वर आपको दीर्घायु करे’

MP Election 2023 : मध्य प्रदेश में चुनावी सरगर्मियां जोरों पर हैं। तारीख का ऐलान हो चुका है और आचार संहिता लग चुकी है। ऐसे में बीजेपी और कांग्रेस दोनों में ही अपनी खूबियां और सामने वाले की खामियां बताने में भी होड़ लगी हुई है। इसी दौरान व्यक्तिगत आक्षेप, टिप्पणियां और हमले होना भी नई बात नहीं। पिछले दिनों ‘मामा का श्राद्ध’ वाली बात पर बीजेपी और कांग्रेस में तनातनी जारी है। बीजेपी जहां इसे लेकर हमलावर है वहीं कांग्रेस का कहना है कि उसने ऐसी कोई बात कही ही नहीं।

क्या है मामला

दरअसल श्राद्ध पक्ष में बीजेपी उम्मीदवारों की चौथी लिस्ट जारी हुई, जिसमें सीएम शिवराज को भी बुधनी से टिकट दिया गया। इसके बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई जिसमें पहले लिखा गया मामा का श्राद्ध और नीचे लिखा ‘श्राद्ध में बीजेपी ने दिया मामा शिवराज को टिकट’। ये पोस्ट वायरल होने के बाद बीजेपी की तरफ से इसपर कड़ी आपत्ति जताई गई वहीं शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय चौहान ने ट्विटर पर एक भावुक पोस्ट लिखते हुए कहा ‘आप पर दया करूं या गुस्‍सा? आखिर मेरे जीवित पिता के श्राद्ध की बात आप कर रहे हैं। मुझे तरस आ रहा है।’

सिंधिया भी शिवराज के पक्ष में सामने आए

वहीं इस मुद्दे पर अब ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मुख्यमंत्री शिवराज के पक्ष में सामने आ गए हैं। बुधवार को उन्होने ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘राज्य चुनाव में अपनी आती हुई हार देखकर कांग्रेस पार्टी बौखलाने लगी है और राजनीति के भीतर सूचिता, भाषा व सम्मान को भूल चुकी है। रोज़ एक नए निचले स्तर पर गिरती जा रही है। श्राद्ध मनाना है तो अपने सिद्धांतों का मनाइए। माननीय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी के साथ करोड़ो माताओं और बहनों का आशीर्वाद है। जिस भ्रष्ट और अहंकारी राजनीति की राह कांग्रेस ने पकड़ी है वही उसे उसके अस्तित्व के अंत तक ले जाएगी।’

कमलनाथ ने कहा ‘कांग्रेस का हाथ नहीं’

इस मामले पर कांग्रेस का कहना है कि उसने ऐसा कोई ट्वीट नहीं किया है और हर बात के पीछे भाजपाइयों को कांग्रेस की क्यों नजर आती है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने ट्वीट करते हुए कहा है कि “प्रिय शिवराज जी, ईश्वर आपको दीर्घायु दे। मेरी समझ में यह नहीं आता कि आपको हर चीज के पीछे कांग्रेस पार्टी ही क्यों नजर आती है? कांग्रेस पार्टी की ओर से वैसा कोई भी ट्वीट नहीं किया गया है,जैसा कि आप जिक्र कर रहे हैं। अगर आपको वाकई लगता है कि आपके खिलाफ किसी ने ट्वीट किया है तो आप उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करिए। बिना किसी तथ्य के कांग्रेस पार्टी पर आरोप लगाना राजनीति का निचला स्तर है। सहानुभूति हासिल करने के लिए झूठा दुष्प्रचार करना नैतिकता नहीं है। श्राद्ध पक्ष में आपको टिकट आपकी पार्टी ने दिया है, कांग्रेस पार्टी ने नहीं दिया है। आप बखूबी जानते हैं कि आपके व्यक्तिगत दुश्मन आपकी पार्टी में बैठे हैं और आपका अहित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे। दूसरों पर झूठे आरोप लगाने से अच्छा है, अपनी पार्टी में अनुशासन स्थापित करें। ईश्वर आपको स्वस्थ और दीर्घायु जीवन प्रदान करे।”

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews