सीट बेल्ट बाँध लीजिए और टेक-ऑफ के लिए तैयार हो जाइए, 17 जुलाई से इंदौर-अबू धाबी के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की सीधी फ्लाइट

अगर आप मध्यप्रदेश में हैं और अबू धाबी जाने का प्लान कर रहे हैं तो महानगरों का रुख करने की ज़रूरत नहीं रहेगी। अब इंदौर से ही डायरेक्ट फ्लाइट की सुविधा शुरु हो रही है। विमान हफ्ते में चार दिन उड़ेगा और इस रूट पर आपकी यात्रा पहले की तुलना में ज्यादा आसान, तेज और सुविधाजनक हो जाएगी।
Indore Airport

Indore Airport

इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट से यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। एयर इंडिया एक्सप्रेस इंदौर से अबू धाबी के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू करने जा रही है। यह सेवा 17 जुलाई से संचालित होगी और सप्ताह में चार दिन उपलब्ध रहेगी।

यह नई सेवा इंदौर के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि अब तक यात्रियों को अबू धाबी पहुंचने के लिए दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद या अन्य शहरों के माध्यम से कनेक्टिंग उड़ानों का सहारा लेना पड़ता था। एयर इंडिया और अन्य एयरलाइंस की अधिकांश सेवाएं अभी तक सीधी उपलब्ध नहीं थी।

इंदौर से अबू धाबी के लिए सीधी फ्लाइट

मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर को जल्द ही एक और महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क मिलने जा रहा है। एयर इंडिया एक्सप्रेस सत्रह जुलाई से इंदौर और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राजधानी अबू धाबी के बीच सीधी उड़ान सेवा शुरू करने जा रही है। यह सेवा इंदौर से खाड़ी देशों के लिए बढ़ती यात्रा मांग, व्यापारिक गतिविधियों और प्रवासी भारतीयों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुरू की जा रही है।

हफ्ते में चार दिन उड़ेगा विमान

इंदौर से अबू धाबी के लिए सीधी उड़ान सप्ताह में चार दिन रविवार, सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को संचालित होगी। विमान इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से शाम 7 बजकर 50 मिनट पर रवाना होगा और निर्धारित समय पर अबू धाबी पहुंचेगा। वहीं फ्लाइट वापसी में अबू धाबी से रात 10 बजकर 35 मिनट पर उड़ान भरकर इंदौर पहुंचेगी। जानकारों के अनुसार शुरुआती चरण में इस रूट का एकतरफा किराया 16 से 17 हजार रुपये रखा गया है। हालांकि मांग, सीजन और बुकिंग की तारीख के आधार पर किराए में बदलाव हो सकता है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने इस मार्ग पर टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी है।

यह उड़ान इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि इंदौर से संचालित शारजाह सेवा इस साल फरवरी से पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव के कारण स्थगित कर दी गई है। इसके बाद इंदौर की सीधी अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी सीमित हो गई थी। अब अबू धाबी के लिए इस नई उड़ान शुरू होने से मध्यप्रदेश के यात्रियों को यूएई पहुंचने के लिए दिल्ली, मुंबई या अहमदाबाद जैसे बड़े हवाई अड्डों पर निर्भरता कम होगी।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews