इंदौर क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, 70 करोड़ की MD ड्रग्स मामले में लंबे समय से फरार आरोपी को किया गिरफ्तार

इंदौर क्राइम ब्रांच ने 70 करोड़ रुपये की MD ड्रग्स मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट परिसर से पकड़ा है।
Indore News

इंदौर: इंदौर क्राइम ब्रांच पुलिस ने साल 2021 के बहुचर्चित 70 किलोग्राम एमडी ड्रग्स मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने लंबे समय से फरार आरोपी अकरम खान को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र में भी गंभीर आपराधिक मामला दर्ज है। लंबे समय से क्राइम ब्रांच को उसकी तलाश थी। शनिवार को क्राइम ब्रांच ने मामले का खुलासा किया।

क्राइम ब्रांच पुलिस उपायुक्त राजेश ​कुमार त्रिपाठी ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि 6 जनवरी 2021 को अवैध एमडी ड्रग्स की डील के दौरान आरोपियों को पकड़ा गया था। इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 70 किलोग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद की थी। जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 करोड़ रुपये बताई गई थी। इसके साथ ही 13 लाख 3 हजार 650 रुपये नकद भी जब्त किए गए थे।

क्राइम ब्रांच ने घेराबंदी कर फरार आरोपी को दबोचा

पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि गिरफ्तार आरोपी अकरम खान, पिता असलम खान, उम्र 40 वर्ष, नासिक के पंचशील नगर क्षेत्र का निवासी बताया गया है और वह स्क्रैप का काम करता है। क्राइम ब्रांच की टीम लंबे समय से आरोपी की तलाश कर रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर कोर्ट परिसर से अकरम खान को गिरफ्तार कर लिया। अब उससे मामले में उसकी भूमिका, ड्रग्स की सप्लाई चेन, सप्लायर, आर्थिक लेन-देन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज

उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र के मुंबई नाका थाने में पूर्व में धारा 392, 34 IPC के साथ महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गेनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) की धारा 3(1), 3(2) और 4 के तहत भी मामला दर्ज हो चुका है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews