मालवा स्टैलियंस के मालिक सूरज रजक पर FIR, अभिनेत्री रेमन कक्कड़ ने 300 करोड़ की जमीन पर कब्जे का आरोप लगाया

मालवा स्टैलियंस टीम के मालिक और शराब कारोबारी सूरज रजक के खिलाफ इंदौर की लसूड़िया पुलिस ने अभिनेत्री रेमन कक्कड़ की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की है। दरअसल रजक पर रेमन की 300 करोड़ रुपए की दो हेक्टेयर जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश का आरोप है।
मालवा स्टैलियंस के मालिक सूरज रजक पर FIR, अभिनेत्री रेमन कक्कड़ ने 300 करोड़ की जमीन पर कब्जे का आरोप लगाया

इंदौर में मालवा स्टैलियंस क्रिकेट टीम के मालिक और बड़े शराब कारोबारी सूरज रजक के खिलाफ शुक्रवार देर रात एफआईआर दर्ज हुई है। दरअसल यह एफआईआर अभिनेत्री रेमन कक्कड़ ने लसूड़िया थाने में कराई है। रजक पर 300 करोड़ रुपए की जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश का आरोप है। पुलिस ने धारा 329 (3) के तहत मामला दर्ज किया है। यह धारा संपत्ति पर जबरन कब्जा करने से संबंधित है, जिसमें अधिकतम तीन महीने की सजा या पांच हजार रुपए तक का जुर्माना हो सकता है।

जानकारी के अनुसार, रेमन कक्कड़ ने पहले भी इस मामले में पुलिस में शिकायत की थी, लेकिन तब एफआईआर दर्ज नहीं हो पाई थी। इसके बाद उन्होंने सीएस अनुराग जैन से संपर्क किया और अपनी शिकायत विस्तार से बताई थी। जैन के हस्तक्षेप के बाद शुक्रवार देर रात पुलिस ने सूरज रजक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। रेमन ने पुलिस को बताया है कि निपानिया क्षेत्र में सर्वे नंबर 414 की दो हेक्टेयर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की गई है।

जमीन की कीमत करीब 300 करोड़ रुपए

दरअसल जिस जमीन पर कब्जे की कोशिश का आरोप है, उसकी बाजार कीमत करीब 300 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। यह जमीन रेमन कक्कड़ की मां नरेंद्र कौर सलूजा, उनके भाई पुष्पेंद्र सलूजा और रणधीर सलूजा के संयुक्त स्वामित्व में है। शिकायत में बताया गया है कि सूरज रजक ने पहले इसी जमीन में से 6000 वर्गफीट हिस्सा रेमन के पति ऋषि कक्कड़ से फोन पर शराब दुकान के लिए किराए पर मांगा था।

जमीन किराए पर देने से साफ इनकार कर दिया था

दरअसल परिवार ने रजक के इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। शिकायत के मुताबिक, जब ऋषि कक्कड़ ने जमीन देने से मना किया था, तो रजक ने रेमन के बड़े भाई रणधीर सलूजा से भी बात की थी, लेकिन उन्होंने भी जमीन किराए पर देने से साफ इनकार कर दिया था। इसके बाद रजक खुद उनकी मां नरेंद्र कौर सलूजा से मिलने उनके घर पहुंचे थे, लेकिन वहां भी उन्हें जमीन किराए पर देने से स्पष्ट मना कर दिया गया था।

इन सब इनकार के बावजूद, 03 अप्रैल को जब सलूजा परिवार अपनी जमीन पर पहुंचा था, तो उन्होंने देखा कि कुछ लोग वहां जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। परिवार ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी थी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कब्जे की कोशिश को रुकवा दिया था। इस घटना के बाद ही एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया है।

हाल ही में करीब 150 करोड़ रुपए में शराब का ठेका लिया

बताया जा रहा है कि सूरज रजक ने हाल ही में करीब 150 करोड़ रुपए में शराब का ठेका लिया है, जो बेस प्राइस से काफी ज्यादा है। मौजूदा शराब की दुकान पीछे की ओर है, जबकि विवादित जमीन मुख्य सड़क पर स्थित है। मुख्य सड़क पर दुकान खुलने से बिक्री बढ़ने की संभावना है। हालांकि, नियमों के मुताबिक इस स्थान पर शराब दुकान खोलना संभव नहीं है, क्योंकि इसकी लोकेशन तय मानकों के अनुरूप नहीं है। रजक और जमीन मालिक परिवार के बीच पिछले 15 दिनों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है, जो अब एफआईआर दर्ज होने तक पहुंच गया है।

सूरज रजक पर पहले भी ऐसे ही आरोप लग चुके हैं। साल 2025 में कनाडिया थाना क्षेत्र में शराब ठेकेदार सूरज रजक और उसके सुरक्षाकर्मियों पर किसान अर्पित सिंह गुर्जर के साथ मारपीट करने और हवाई फायर करने का आरोप लगा था। पुलिस ने तब मारपीट और धमकाने की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। फरियादी अर्पित सिंह ने उस समय बताया था कि रात करीब 1 बजे बिचौली मर्दाना ब्रिज के नीचे उनकी बाइक के सामने अचानक कार रुक गई थी, जिसके बाद ठेकेदार और उसके साथियों ने उन पर हमला कर दिया था और पिस्टल से फायर भी किया था।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
Banshika Sharma

कंटेंट राइटर

मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma →
Follow Us :GoogleNews