इंदौर में भीड़ में फंसा मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का काफिला, मंच से पुलिस को दी व्यवस्था सुधारने की नसीहत, 150 मीटर पैदल चलना पड़ा

इंदौर में विजयादशमी के मौके पर विजय नगर में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम के दौरान भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था बिगड़ गई। कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और विधायक रमेश मेंदोला का काफिला रास्ते में फंस गया।
इंदौर में भीड़ में फंसा मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का काफिला, मंच से पुलिस को दी व्यवस्था सुधारने की नसीहत, 150 मीटर पैदल चलना पड़ा

इंदौर के विजय नगर में रावण दहन कार्यक्रम के दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का काफिला करीब आधे घंटे तक भीड़ में फंसा रहा। दरअसल रास्ता नहीं मिलने पर मंत्री और विधायक रमेश मेंदोला को गाड़ी से उतरकर पैदल जाना पड़ा। सुरक्षाकर्मी दोनों को करीब 150 मीटर तक सुरक्षा घेरे में लेकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे। वहीं इसके बाद मंत्री ने मंच से पुलिस अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने की नसीहत दी और आपात स्थिति में एंबुलेंस के लिए रास्ता खुला रखने की बात कही।

दरअसल विजय नगर में रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। भीड़ के कारण सड़क पर लोगों और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। इसी दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और विधायक रमेश मेंदोला का काफिला भी आगे नहीं बढ़ पाया। काफी देर तक रास्ता खाली होने का इंतजार किया गया लेकिन वाहनों को निकालने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल सकी।

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को पैदल जाना पड़ा

आखिरकार मंत्री और विधायक को अपनी गाड़ियों से उतरकर पैदल जाने का फैसला करना पड़ा। सुरक्षाकर्मी दोनों नेताओं को घेरे में लेकर करीब 150 मीटर दूर कार्यक्रम स्थल तक ले गए। इस दौरान काफिले को रास्ता नहीं मिलने की स्थिति ने आयोजन में भीड़ को संभालने और वाहनों की आवाजाही के इंतजाम पर सवाल खड़े किए। बड़े आयोजनों में अक्सर एक ही जगह पर लोगों और वाहनों की भीड़ बढ़ने से रास्ता बंद होने जैसी स्थिति बन जाती है। विजय नगर के इस कार्यक्रम में भी काफिला लंबे समय तक फंसा रहा। खास बात यह रही कि कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे मंत्री को भी आयोजन स्थल तक पहुंचने के लिए पैदल जाना पड़ा।

मंच से पुलिस अधिकारियों को कैलाश विजयवर्गीय की नसीहत

वहीं कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मंच से अपने संबोधन में पुलिस अधिकारियों को दो बार व्यवस्था सुधारने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में इस बार काफी भीड़ है लेकिन उसके हिसाब से इंतजाम ठीक नहीं हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे आयोजनों में रास्ता खुला रखना जरूरी है ताकि जरूरत पड़ने पर किसी वाहन को आसानी से निकाला जा सके। इसके साथ ही मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने खास तौर पर आपातकालीन स्थिति का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कम से कम इतनी जगह जरूर होनी चाहिए कि जरूरत पड़ने पर गाड़ी निकल सके और एंबुलेंस को भी रास्ता मिल सके। उनके संबोधन में भीड़ के बीच रास्ता बंद होने और काफिले के लंबे समय तक फंसे रहने की नाराजगी साफ नजर आई।

पांच मिनट तक व्यवस्था पर बोले मंत्री कैलाश विजयवर्गीय

दरअसल विजय नगर के कार्यक्रम में रावण के पुतले का दहन करीब ढाई मिनट में पूरा हो गया। वहीं मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मंच से पुलिस अधिकारियों को व्यवस्था के बारे में करीब पांच मिनट तक नसीहत दी। कार्यक्रम के दौरान उनका काफिला फंसने की घटना और बाद में मंच से दिए गए बयान चर्चा का प्रमुख विषय रहे। मंत्री ने अपने संबोधन में सिर्फ यातायात व्यवस्था की बात नहीं की बल्कि बच्चों और युवाओं को भी संदेश दिया। उन्होंने लोगों से नशे और हर तरह के ड्रग्स से दूर रहने की अपील की। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि नशे जैसी बुराइयों से दूरी बनाना जरूरी है। उन्होंने इन बुराइयों को ही असली रावण मानकर उनसे दूर रहने की बात कही।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews