गणतंत्र दिवस की बधाई दे बोले जीतू पटवारी “मध्य प्रदेश में संवैधानिक संकट चिंता का विषय, निर्वाचन आयोग को बताया भाजपा का एजेंट”

जीतू पटवारी ने कहा कि आज देश गणतंत्र दिवस मना रहा है लेकिन जो संविधान हमें बाबा साहब ने दिया जो वोट का अधिकार दिया उसे छीना जा रहा है। 
Jeetu Patwari Republic Day Indore flag hoisting

Jeetu Patwari Republic Day Indore flag hoisting

पूरा देश आज गणतंत्र दिवस मना रहा है, ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं इसी क्रम में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इंदौर में गांधी भवन में ध्वजारोहण किया, उन्होंने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी साथ ही मध्य प्रदेश में संवैधानिक संकट पर चिंता जताई, कांग्रेस अध्यक्ष ने एक बार फिर भारत निर्वाचन आयोग को भाजपा का एजेंट बताया।

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज इंदौर में गांधी भवन कांग्रेस कार्यालय पर ध्वजारोहण किया, उन्होंने कहा हमारे महान नेताओं ने आजादी के लिए संघर्ष किया लाखों क्रांतिकारियों ने शहादत दी , उन्होंने कहा लाखों क्रांतिकारियों के खून और पसीने से हमें यह आज़ादी मिली है लेकिन जो लोग भूल गए हैं, उन्हें याद दिला दो कि भारत लोकतंत्र है, गणतंत्र था, गणतंत्र है।

जीतू पटवारी ने कहा जिस देश में लोकतंत्र और गणतंत्र की स्थापना के लिए कांग्रेस के वीर नेताओं ने अपने प्राणों की आहुति दी, अंग्रेजों को लोहा मनवाया, आज उसी भारत में नरेंद्र मोदी की सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों और गणतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने पर तुली है।

भारत का माहौल बेहद चिंताजनक 

मीडिया से बात करते हुए जीतू पटवारी ने मध्य प्रदेश और देश के माहौल पर चिंता जताई, उन्होंने कहा आज भारत में जो माहौल है, वह बेहद चिंताजनक है। देश में असमानता, अन्याय और अत्याचार लगातार बढ़ रहे हैं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री स्वयं भ्रष्टाचार की पुष्टि कर रहे हैं, आमजन को स्वच्छ पानी और हवा तक नहीं मिल पा रही है, और संवैधानिक मूल्यों को लगातार कमजोर किया जा रहा है। आज हर देशवासी को सोचना होगा कि हम मिलकर कैसा भारत बना रहे हैं।

मुख्यमंत्री के हाथ में कंट्रोल नहीं ये संवैधानिक संकट

जीतू पटवारी ने कहा मध्य प्रदेश के हालत ये हैं कि यहाँ मुख्यमंत्री और चीफ सेकेट्री स्वीकार कर रहे हैं कि प्रदेश के कलेक्टर बिना पैसे लिए काम नहीं करते, यानि वो पैसे देकर नियुक्ति कराते हैं और फिर भ्रष्टाचार करते हैं, इसका सीधा मतलब है कि मुख्यमंत्री के हाथ में कंट्रोल नहीं है ये सीधा संवैधानिक संकट है।

कांग्रेस बोली, निर्वाचन आयोग भाजपा का एजेंट 

जीतू पटवारी ने कहा कि आज देश गणतंत्र दिवस मना रहा है लेकिन जो संविधान हमें बाबा साहब ने दिया जो वोट का अधिकार दिया उसे छीना जा रहा है।  देश के 20 प्रतिशत लोगों के पास देश की 80 प्रतिशत संपत्ति पहुंच गई है जो देश के लिए घातक है, भारत निर्वाचन आयोग भाजपा का एजेंट बना हुआ है जो सबसे बड़ी चिंता का कारण है, देश के लोगों को मिलकर इन चुनौतियों का सामना करना है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews