6 दिन में मिले 45 कोरोना मरीज, 1 की मौत, नए वेरिएंट की आहट ने बढ़ाई इंदौर की चिंता

mp corona today

इंदौर, आकाश धोलपुरे। कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रोन (corona new variant Omicron) ने विश्वभर को एक बार फिर चिंता में डाल दिया है। कोरोना वायरस का ये नया वायरस दक्षिण अफ्रीका (South Africa) सहित विश्व के 8 देशों में कहर बरपा रहा है। ऐसे में अब देश और प्रदेश में भी अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत आन पड़ी है।

ये भी देखें- Corona Update : नए कोरोना वैरिएंट को लेकर सीएम शिवराज ने दिए ये निर्देश

वहीं कोरोना की दूसरी लहर से बुरी तरह जूझ चुके इंदौर में भी कोरोना के नए स्वरूप को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। तमाम प्रतिबंधों से मुक्त होने और शादी ब्याह के सीजन के चलते संक्रमण की आशंका बढ़ रही है। हालांकि, इंदौर में ओमिक्रोन का फिलहाल कोई खतरा नहीं है, बावजूद इसके एयरपोर्ट पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

इसी बीच इंदौर में पिछले 6 दिनों में कोरोना संक्रमण के जो मामले सामने आए हैं वो आम लोगों के साथ ही चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग इंदौर की मुश्किलें बढ़ाने के लिए काफी है। दरअसल, पिछले 6 दिनों की बात की जाए तो इंदौर में कोरोना संक्रमण के 45 केस ट्रेस किये गए हैं जिनमें 11 आर्मी ऑफिसर शामिल हैं, जो आईआईएम इंदौर में पढ़ने के लिए पहुंचे थे। हालांकि सभी ऑफिसर्स का इलाज आर्मी हॉस्पिटल महू में जारी होने की जानकारी सामने आ रही है। इधर, पिछले 6 दिनों के आंकड़ो की बात करें तो संक्रमितों में ज्यादातर लोगों को कोविड वैक्सीन के दोनों दोज लग चुके हैं बावजूद इसके वो संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।

कोरोना के बढ़ते संक्रमित मरीजों की संख्या को लेकर हाल ही में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.एस. सैत्या ने लोगों से अपील की थी कि लोग इस बात का ध्यान रखें कि वैक्सीन के दोनों डोज लगवायें साथ ही मास्क पहनने, हाथ धोने और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन अवश्य करें।

बता दें कि पिछले 24 घण्टो में इंदौर में कोरोना संक्रमण के 10 लोग शिकार हुए, वहीं बीते 6 दिन में ये 45 लोगों को कोविड -19 ने अपनी चपेट में लिया है। इसके अलावा एक मौत का मामला भी 22 नवंबर को सामने आया था। हालांकि, अभी ओमिक्रोन और तीसरी लहर का अंदेशा विश्वभर में जताया जा रहा है। वही इंदौर में सामने आ रहे आंकड़े ये बताने के लिए काफी है कि एक बार फिर शहरवासी सतर्क हो जाएं क्योंकि हालात अचानक ही बिगड़ते है और बनते भी है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews