Bhopal: चोरी करने के बाद चोरों ने इंश्योरेंस-फाइनेंस ऑफिस में लगाई आग, उखाड़ दिए CCTV कैमरा

Bhopal: चोरी करने के बाद चोरों ने इंश्योरेंस-फाइनेंस ऑफिस में लगाई आग, उखाड़ दिए CCTV कैमरा

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट। भोपाल (Bhopal) के एमपी नगर में स्थित एक प्राइवेट इंश्योरेंस और फाइनेंस कंपनी के ऑफिस में चोरी और आगजनी की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक यहां पहले चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया और आग लगाकर फरार हो गए। वह यहां रखे कंप्यूटर, पैसे और ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरा अपने साथ ले गए हैं। आगजनी की वजह से ऑफिस में रखा हुआ सारा सामान जल गया है। कर्मचारी जब सुबह ऑफिस खोलने के लिए पहुंचे तो वारदात का खुलासा हुआ।

जानकारी के मुताबिक एमपी नगर में पंजाब डेयरी के ऊपर एक प्राइवेट इंश्योरेंस और फाइनेंस कंपनी का ऑफिस है। आज सुबह जब कर्मचारी ऑफिस खोलने के लिए पहुंचे तो उन्हें यहां से धुआं निकलता हुआ दिखाई दिया। कर्मचारियों ने तुरंत ही आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी जिसके बाद मौके पर पहुंची दमकल ने आग बुझाई।

Must Read- Mandi Bhav: इंदौर में आज मूंग के दाम में तेजी, देखें 10 नवंबर 2022 का मंडी भाव

इंश्योरेंस कंपनी के मैनेजर का कहना है कि सुबह कर्मचारी ऑफिस का ताला खोलने के लिए पहुंचा तो आगजनी की सूचना मिली। आग बुझाने के बाद यह जानकारी सामने आई कि यहां से पैसे और कुछ कंप्यूटर गायब है। चोरी की जानकारी ना लगे इसलिए चोरों ने सीसीटीवी कैमरा भी उखाड़ दिए। मामले की जानकारी पुलिस को देने के बाद शिकायत दर्ज करवाई गई है।

जिस बिल्डिंग में चोरी और आगजनी की यह घटना हुई है उसमें इंश्योरेंस कंपनी का ऑफिस तीसरी मंजिल पर है और उसके नीचे एक और प्राइवेट ऑफिस भी है। चोरों ने यहां भी चोरी और आगजनी की घटना को अंजाम दिया है। आग लग जाने की वजह से ऑफिस का पूरा फर्नीचर जलकर खाक हो गया है। आग इतनी ज्यादा थी की फायर ब्रिगेड का अमला यहां पहुंचा तो धुंए की वजह से अंदर जा पाना मुश्किल हो रहा था। आग पर काबू पा लेने के बाद भी धुआं निकलना लगातार जारी था।

Must Read- जल्द शादी कर सकते हैं मलाइका-अर्जुन, एक्ट्रेस ने पोस्ट कर लिखी दिल की बात

इस बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी कैमरे भी गायब है या फिर उनमें तोड़फोड़ कर दी गई है। यही वजह है कि चोरों का कोई भी फुटेज सामने नहीं आ पाया है। इस पूरी बिल्डिंग में दो-तीन अन्य ऑफिस भी मौजूद हैं जिनके ताले टूटे मिले हैं और सामान भी गायब हुआ है। मामले को देखते हुए यह आशंका जताई जा रही है कि चोरों की गैंग पूरी बिल्डिंग में चोरी करने की नियत से घुसी थी और फिर उन्होंने आगजनी की घटना को अंजाम दिया। मामले की सूचना लगते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है और जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews