कांग्रेस का विधानसभा पर प्रदर्शन, पुलिस ने छोड़ी पानी की बौछार, नेताओं ने दी गिरफ़्तारी, जीतू पटवारी बोले – ये गुमराह करने और देश को गर्त में ले जाने वाले लोग

Congress Protest

MP Congress protest at the assembly : मप्र कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर भारी संख्या में कांग्रेस नेताओं ने विधानसभा का घेराव किया, प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेता भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे, कांग्रेस का नारा था “रोजगार दो या गिरफ्तार करो”, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरीकेडिंग की हुई थी, जिसे कांग्रेस नेताओं ने पार करने की कोशिश की जिसे रोकने के लिए पुलिस ने वाटर केनन का इस्तेमाल किया, प्रदर्शन में शामिल पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित अन्य नेताओं ने गिरफ़्तारी देकर अपना आक्रोश जताया।

कांग्रेस ने मप्र की डॉ मोहन यादव सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया है, कांग्रेस का कहना है कि भाजपा ने जो वादे किये, जो गारंटी दी उसके हिसाब से सरकार कोई काम नहीं कर रही, इसलिए आज प्रदेश का युवा, किसान सब परेशान हैं और आन्दोलन करने पर मजबूर हैं और कांग्रेस इनके साथ हैं ।

“रोजगार दो या गिरफ्तार करो” नारे के साथ सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं ने विधानसभा की तरफ आज कूच किया, कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात था, पुलिस ने बैरीकेडिंग की थी जिससे कांग्रेसी विधानसभा तक ना पहुंच पायें लेकिन जोश से भरे कांग्रेसियों ने बैरीकेडिंग पार करने की कोशिश की, जिसे रोकने के लिए पुलिस ने पहले हल्का बल प्रयोग किया फिर वाटर केनन से पानी की बौछार कर कांग्रेसियों को तितर बितर कर दिया।

बाद में कांग्रेस नेताओं ने अपनी गिरफ्तारियां दी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी गिरफ़्तारी दी, उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि इस सरकार ने 2 लाख नौकरी देना का वादा किया था, हर घर में रोजगार देने के वादा किया था, क्या हुआ उस वादे का? जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा ने अपने वचन पत्र को गीता, रामायण की तरह पवित्र कहा था लेकिन क्या वो केवल कहने तक सीमित था।

उन्होंने कहा कि इस सरकार को शर्म आनी चाहिए, उसका ये कारनामा प्रदेश की जनता देख रही है किसानों से गेहूं, धान का जो समर्थन मूल्य का वादा किया था उसका क्या हुआ ? बजट तक में उसके बारे में कोई शब्द नहीं, ये सरकार किसानों के साथ अन्याय कर रही है दिल्ली में होने वाले आन्दोलन को दबाने की कोशिश कर रही है। क्या यही अच्छे दिन हैं क्या यही मोदी जी की गारंटी है।

जीतू पटवारी का भाजपा पर हमला – ये लोग गुमराह करने वाले लोग 

जीतू पटवारी ने भाजपा पर बड़ा हमला करते हुए कहा कि ये लोग गुमराह करने वाले लोग हैं , देश को गर्त में ले जाने वाले लोग हैं लेकिन अब प्रदेश का युवा, अभिभावक, किसान सब सरकार से दो दो हाथ करने के लिए तैयार हैं और कांग्रेस हमेशा इनके साथ खड़ी  है , जब तक सरकार अपने किये वादे पूरे नहीं करती आंदोलन जारी रहेंगे।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews