मनोज परमार सुसाइड मामला, BJP ने कांग्रेस पर आपदा में अवसर तलाशने के आरोप लगाये, जीतू पटवारी को दी क़ानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी

मनोज परमार कांग्रेस से जुड़े थे, कांग्रेस के कई बड़े नेताओ से उनके सम्बन्ध थे, वे राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भी शामिल हुए थे जहाँ उनके बच्चों ने राहुल को एक गुल्लक भेंट की थी, तब से लाइम लाईट में आ गए थे। 
Bhagwan Das Sabnani Jitu Patwari

BJP accused Congress: सीहोर जिले के आष्टा के कारोबारी मनोज परमार सुसाइड केस में कांग्रेस द्वारा आरोप लगाये जाने के बाद भाजपा आक्रामक हो गई है, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के वीडियो सामने आने पर भाजपा ने इसे आपदा में अवसर तलाशने वाली बात कहा, भाजपा विधायक भगवान दास सबनानी ने आरोप लगाये कि बच्चे के मुंह से शब्द डालकर हमारे प्रदेश अध्यक्ष का नाम लिया गया है, उन्होंने कहा कि जीतू पटवारी माफ़ी मांगे वर्ना हम उनके खिलाफ क़ानूनी कार्रवाई करेंगे।

ED के छापे के बाद आष्टा के कारोबारी मनोज परमार और उनकी पत्नी द्वारा आत्महत्या किये जाने  के मामले में सियासत तेज हो गई है, कांग्रेस से जुड़े कारोबारी मनोज परमार की मौत के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी आष्टा पहुंच गए और परिवार को सांत्वना दी इसी दौरान उन्होंने परमार के बेटे से बात की, जिसके वीडियो उन्होंने X पर शेयर किये,  जिसमें बेटा ये कहते हुए सुना जा रहा है कि पापा पर दबाव था, वीडी शर्मा के माध्यम से ईडी दबाव बना रही थी कि बच्चों को भाजपा में शामिल करा दो, इसके बाद जीतू पटवारी ने भी भाजपा को घटना के लिए जिम्मेदार बताया।

जीतू पटवारी वहां सांत्वना देने गए थे या सियासत करने?

कारोबारी पर ED के छापे के बाद उसके द्वारा आत्महत्या किये जाने के मामले में प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का नाम लिए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी भड़क गई, पार्टी के विधायक भगवान दास सबनानी ने इस पर कड़ा ऐतराज जताया और इसे आपदा में अवसर तलाशने की बात कही , उन्होंने कहा कि परिवार के किसी भी सदस्य का जाना दुखद होता है, भाजपा दुःख की इस घडी में उस परिवार के साथ है  लेकिन जीतू पटवारी वहां सांत्वना देने गए थे या सियासत करने?

बच्चे से बहला फुसलाकर वीडी शर्मा का नाम बुलवाने के आरोप 

भाजपा नेता ने कहा कि वीडियो में साफ दिख रहा है कि जीतू पटवारी किस तरह उस बच्चे को एक तरफ ले जाते हैं उससे कुछ कहते हैं बहलाते फुसलाते हैं फिर नाम कहलवाते हैं, इतनी खोखली हो गई है कांग्रेस कि मौत पर भी सियासत कर रही है, आप बेवजह भाजपा अध्यक्ष का नाम ले रहे हैं इससे आपके दिमाग का दिवालियापन दिखाई देता है।

जीतू पटवारी माफ़ी मांगें, वर्ना होगी क़ानूनी कार्रवाई 

भाजपा विधायक ने कहा, मैं जीतू पटवारी के कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करता हूँ , उन्होंने कहा जीतू पटवारी को अपने किये पर माफ़ी मांगनी होगी वर्ना भाजपा के कार्यकर्ता उनका विरोध करेंगे, उन्होंने कहा यदि जीतू पटवारी वीडी शर्मा से माफ़ी नहीं माँगते तो हम उनके खिलाफ क़ानूनी कार्रवाई करेंगे।

[dgv_vimeo_video id=”1038931464″]

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews