कांग्रेस ने चुनाव आयोग से की कैलाश विजयवर्गीय की शिकायत, चुनाव प्रचार में प्रतिबंधित करने की मांग की

कैलाश विजयवर्गीय

भोपाल। मप्र कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग को भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ शिकायत की है। साथ ही उन्हें आगामी चुनाव में प्रचार प्रसार के लिए उन पर प्रतिबंध लगाने और महू विधानसभा का निर्वाचन रद्द किये जाने की मांग की है। कांग्रेस ने यह शिकायत एक समाचार पत्र को कैलाश विजयर्गीय द्वारा दिए गए इंटरव्यू को आधार बनाकर की गई है। जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘प्रदेश के धार जिले की महू विधानसभा की वर्ष 2018 की भाजपा प्रत्याशी उषा ठाकुर के चुनाव के दौरान उन्होंने “अच्छा खर्च ” किया है, वे रात को 2-2 बजे महू क्षेत्र में जाते थे और सेटिंग करके आते थे। उन्हें पार्टी ने महू विधानसभा चुनाव जिताने की जिम्मेदारी सौंपी थी और कहा था कि हर हाल में हमे महू जीतना है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा और मीडिया उपाध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता ने प्रदेश की मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वीरा राणा को इस संबंध में एक शिकायत सौंपी है। सलूजा ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को सौंपे पत्र में यह भी बताया कि कैलाश विजयवर्गीय ने उक्त स्वीकारोति करते हुए यह कहा है कि उन्होंने भाजपा प्रत्याशी उषा ठाकुर को अच्छे खर्च की जानकारी नहीं दी है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि वे रात को 2-2 बजे महू क्षेत्र में जाते थे और सेटिंग करके आते थे, जब चुनाव प्रचार रात्रि 10 बजे समाप्त हो जाता है, मतदाता रात्रि में सो जाता है, ऐसे में विजयवर्गीय ने रात्रि 2 बजे वहां जाकर कौन सी सेटिंग की है, यह सार्वजनिक हो?

सलूजा ने चुनाव आयोग से मांग की है कि भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय द्वारा दिये गये इंटरव्यू में स्वीकारोक्ति के बाद महू विधानसभा का निर्वाचन तत्काल रद्द किया जाए और उन्हें आगामी चुनाव में प्रचार के लिए प्रतिबंधित किया जाए। साथ ही उनके द्वारा किये गये “अच्छे खर्च” को महू की भाजपा प्रत्याशी उषा ठाकुर के खर्च में जोड़ा जाए।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews