इंदौर में चाइनीज़ मांझा पर बड़ी कार्रवाई, अब खजराना पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा, 4.75 लाख से ज्यादा का माल जब्त

इंदौर में प्रतिबंधित चाइनीज़ मांझा बेचने वालों के खिलाफ पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर लगातार कार्रवाई चल रही है। इसी अभियान के दौरान खजराना थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
Indore Chinese Manjha

बीते दिनों ही इंदौर (Indore) पुलिस ने शहर के अलग–अलग इलाकों से भारी मात्रा में प्रतिबंधित चाइनीज़ मांझा (Chinese Manjha) जब्त कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। छत्रीपुरा और तुकोगंज थाना क्षेत्रों में हुई इस कार्रवाई ने साफ कर दिया था कि प्रतिबंध के बावजूद शहर में चाइनीज़ मांझे की बिक्री लगातार जारी है। वरिष्ठ अधिकारियों की चिंता भी इसी बात को लेकर थी कि अगर इस जानलेवा मांझे की सप्लाई चेन नहीं टूटी, तो आने वाले दिनों में हादसों का खतरा और बढ़ सकता है।

इन्हीं हालातों के बीच पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह द्वारा दिए गए सख्त निर्देशों का असर अब और साफ दिखने लगा है। आज खजराना थाना पुलिस ने सबसे बड़ी खेप पकड़ते हुए एक आरोपी को और गिरफ्तार किया और करीब 4.75 लाख रुपये से अधिक कीमत का चाइनीज़ मांझा जब्त किया है।

आरोपी जावेद की निशानदेही पर 912 रोल जब्त

खजराना पुलिस की टीम ने बबलू उर्फ जावेद पिता लियाकत खान को पकड़ा। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 16 कार्टून में भरे 912 चाइनीज़ मांझा रोल जब्त किए। अधिकारियों के अनुसार जब्त किए गए मांझे की अनुमानित कीमत 4 लाख 75 हजार रुपये से अधिक है। पूछताछ के दौरान जावेद ने स्वीकार किया कि यह पूरा स्टॉक उसे एमजी रोड निवासी समीर नामक व्यक्ति से मिला था। पुलिस अब समीर के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की तैयारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि प्रतिबंधित मांझा रखने, खरीदने या बेचने वाले किसी भी व्यक्ति को अब बख्शा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील

पुलिस कमिश्नर के आदेश के बाद शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 12 से अधिक कार्रवाईयां की जा चुकी हैं। कई बार प्रतिबंधित चाइनीज़ मांझे की वजह से गंभीर हादसे हो चुके हैं, जिसके बाद शहर में इसकी रोकथाम को लेकर पुलिस और ज़्यादा सतर्क हो गई है। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि जिले में चाइनीज़ मांझा पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद कुछ लोग चोरी-छिपे स्टॉक और बिक्री कर रहे हैं, जिस पर सख्ती से नकेल कसी जा रही है,उन्होंने नागरिकों से अपील की कि प्रतिबंधित मांझा न खरीदें और न बेचें। अगर कहीं इसकी बिक्री की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews