बॉक्सिंग रिंग में दिखेगा पंच का दम, 20 दिसंबर से भोपाल में होगी “राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग चैंपियनशिप”

बॉक्सिंग रिंग में दिखेगा पंच का दम, 20 दिसंबर से भोपाल में होगी “राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग चैंपियनशिप”

National Women’s Boxing Championship 2022 : मध्य प्रदेश के खेल प्रेमियों को अब बॉक्सिंग रिंग में पंच का दम देखने को मिलेगा, खास बात ये है कि ये पंच महिला खिलाड़ियों का होगा। खेल प्रेमियों को भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम में 20 से 26 दिसंबर तक देश की जानी मानी महिला बॉक्सर का खेल देखने को मिलेगा।

20 दिसंबर से शुरू होगी राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग चैंपियनशिप

देश के खेल मानचित्र पर अपना विशेष स्थान बना चुका मध्य प्रदेश लगातार राष्ट्रीय स्तर के आयोजन का भी साक्षी बनता है, हाल ही में भोपाल में 65वीं राष्ट्रीय शूटिंग पिस्टल चैंपियनशिप का आयोजन हुआ। मध्य प्रदेश राज्य घुड़सवारी अकादमी में 12 दिसंबर से राष्ट्रीय जूनियर घुड़सवारी प्रतियोगिता चल रही है। अब 20 दिसंबर से भोपाल के बॉक्सिंग प्रेमी देश की विख्यात महिला बॉक्सर्स को अपने शानदार पंच से प्रतिद्वदियों को धराशायी होते हुए देखेंगे।

देश की जानी मानी 370 महिला बॉक्सर होंगी शामिल

भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम के नए मार्शल आर्ट हॉल में 20 से 26 दिसंबर 2022 तक देश की 370 महिला बॉक्सर्स 6वीं एलीट राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग चैंपियनशिप का हिस्सा होंगी। प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश राज्य बॉक्सिंग अकादमी की 12 बॉक्सर्स अलग-अलग वेट कैटेगरी में भाग लेंगी।

खेल मंत्री यशोधरा राजे ने की तैयारियों की समीक्षा

खेल और युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने चैंपियनशिप की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि खिलाड़ियों के आगमन पर हेल्प डेस्क से प्रत्येक खिलाड़ी को वेलकम लेटर के साथ लेनयार्ड (पास) एवं लोकेशन का QR कोड प्लास्टिक किट में उपलब्ध कराएँ। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान टॉयलेट्स की निरंतर साफ-सफाई के लिए पर्याप्त स्टाफ रखा जाए।

खेल मंत्री ने दिए ये निर्देश

खेल मंत्री ने प्रतियोगिता के दौरान मेडिकल टीम के बैठने के लिए बॉक्सिंग हॉल के पास उचित स्थान उपलब्ध कराया जाए और एक डॉक्टर के बॉक्सिंग रिंग के पास ही बैठने की व्यवस्था की जाए। मंत्री श्रीमती सिंधिया ने कहा कि एक एम्बुलेंस नवीन मार्शल आर्ट हॉल के बाहर चौबीस घंटे उपलब्ध रहे। साथ ही खिलाड़ियों के स्वागत के लिए एयरपोर्ट एवं रेलवे स्टेशन पर बैनर लगाए जाएं।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews